लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी के महर्षि स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज द्वारा “Multidisciplinary Perspective in Social Sciences” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात डीन, महर्षि स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज डॉ. रूपम सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। समन्वयक मुकेश कुमार पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए सेमिनार की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। डीन अकादमिक्स डॉ. नीरज जैन ने भारतीय ज्ञान परंपरा के परिप्रेक्ष्य में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान के परस्पर संबंध को स्पष्ट किया।
प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता प्रोफेसर सिद्धार्थ सिंह (विभागाध्यक्ष, अंग्रेजी विभाग, जे.एन.एम.पी.जी. कॉलेज, लखनऊ) ने अंतर्विषयक एवं पराविषयक पद्धति की महत्ता को सामाजिक विज्ञान से जोड़ते हुए समझाया। उन्होंने सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए सभी सामाजिक विषयों को भारतीय ज्ञान परंपरा के दृष्टिकोण से समझने पर बल दिया।
द्वितीय सत्र में प्रोफेसर संजय गुप्ता (विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय) ने सामाजिक विज्ञान के शोध लेखों में अंतर्विषयक पद्धति की सराहना की। विभिन्न विषयों के व्यवहारिक ज्ञान को समाज विज्ञान की लिए आवश्यक तत्व बताया। साथ ही बहुविषयक जानकारी को न केवल मानविकी अपितु विज्ञान के विषयों के लिए भी जरूरी बताया।

सेमिनार में हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, समाजकार्य, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और राजनीतिक विज्ञान के स्नातक एवं परास्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। श्रेष्ठ शोध पत्रों के लिए मान्या सिंह, शाहिस्ता परवीन और साक्षी मिश्रा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राम प्रकाश दीक्षित द्वारा संपादित पुस्तक “उच्च शिक्षा में क्षेत्रीय भाषाओं का उपयोग और संभावनाएँ” के आवरण पृष्ठ का अनावरण भी किया गया और साथ ही साथ शोध पत्रों की स्मारिका का विमोचन भी हुआ। डॉ. राम प्रकाश दीक्षित ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. विजय श्रीवास्तव ने किया। मंच का संचालन संस्कृति मिश्रा और श्रेया गुप्ता द्वारा किया गया। सेमिनार के समन्वयक के रूप में मुकेश कुमार पांडे (सहायक प्राध्यापक, महर्षि स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज) ने इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव, महानिदेशक ओ.पी. शर्मा, BoG सदस्य राहुल भारद्वाज, कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह, वित्त अधिकारी वरुण श्रीवास्तव, कुलसचिव गिरीश छिममवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राजेश सिंह और आईटी टीम के सहयोग से किया गया। इस दौरान महर्षि स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज के सभी प्राध्यापक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal