Saturday , April 25 2026

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया निर्माणाधीन अस्पताल का औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज में लगभग 18 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 50 शय्यायुक्त अस्पताल बनकर तैयार होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है और इसका लोकार्पण बहुत जल्द किए जाने की संभावना है। इसी क्रम में शनिवार को लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ अस्पताल का औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया। 

विधायक ने कार्यदायी संस्था को अगले 15 दिन में अस्पताल का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल की आवश्यकता के अनुरूप फर्नीचर व उपकरण आदि के साथ एक माह में पूर्ण सुसज्जित करने के निर्देश दिए।

विधायक डा. नीरज बोरा ने अस्पताल के भूतल पर ओपीडी तथा ऊपरी तल पर प्रस्तावित जांच लैब, मरीज वार्ड, लिफ्ट आदि कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया। साथ ही उन्होंने वहीं स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, जहां आवश्यक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पाई गई।

इस अवसर पर विधायक डा. नीरज बोरा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन अस्पताल के सभी लंबित कार्यों को द्रुत गति से पूर्ण कराया जाए। जिससे शीघ्र ही अस्पताल का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके शीघ्र संचालन से स्थानीय जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने मरीजों की सुविधा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के रैंप पर वॉशेबल पेंट कराने के निर्देश दिए। साथ ही एनएबीएच, सीएसएसडी मानकों का ध्यान रखने, ऑपरेशन थियेटर में हैंगिंग लाइट तथा अन्य तकनीकी व निर्माण संबंधी खामियों को इंगित करते हुए सुधार के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्थाओं के अंतर्गत सोलर पैनल इंस्टॉलेशन को भी शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। 

उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विधायक डा. नीरज बोरा ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को पत्र लिखकर कार्यदायी संस्था एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा कराने तथा अस्पताल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का अनुरोध भी किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी एन.बी. सिंह, मुख्य अभियन्ता बाबूराम, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ शैलेंद्र मौर्य, दयाशंकर पांडेय, अनिल मिश्रा, किशोर प्रजापति, सतीश वर्मा, आशुतोष सिंह, विनोद अवस्थी, आदित्य गौड़, नरेश रावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।