लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनस्वास्थ्य, चिकित्सा सेवाओं एवं चिकित्सक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना एवं सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने किया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जनस्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा व्यवस्था में सुधार तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आईएमए की सक्रिय भूमिका से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही संगठन के लिए नवीन एवं विस्तृत भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि आवंटन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अतिरिक्त, लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में झोलाछाप एवं अनधिकृत चिकित्सकीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक समन्वित समिति के गठन का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों के सीएमओ पंजीकरण नवीनीकरण प्रक्रिया में किए गए सुधारों के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। पूर्व में वार्षिक नवीनीकरण की अनिवार्यता को समाप्त कर अब पांच वर्ष की वैधता लागू किए जाने से चिकित्सकों एवं अस्पताल संचालकों को बड़ी राहत मिली है। इस निर्णय को दूरदर्शी और व्यावहारिक बताते हुए आईएमए पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और जनहित में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आईएमए लखनऊ के कार्यकारी सदस्य डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. अमित मदान एवं डॉ. आर.बी. सिंह भी उपस्थित रहे। आईएमए लखनऊ ने उम्मीद जताई कि प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे चिकित्सक समुदाय और आमजन दोनों को लाभ मिलेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal