Monday , April 20 2026

हीटवेव अलर्ट के बीच शिक्षा विभाग सख्त, स्कूलों के समय में बदलाव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तरप्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रताप सिंह बघेल ने सभी परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगी, जबकि प्रार्थना सभा 7:30 से 7:40 बजे तक आयोजित होगी। वहीं मध्यावकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य संपादित करेंगे।

यह निर्णय राज्य में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए लिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इससे पहले भी प्रदेश में गर्मी के दौरान स्कूल समय में बदलाव किए जाते रहे हैं।मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए विद्यालय प्रबंध समितियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने की छूट दी गई है।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा सके।