लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में छात्राओं द्वारा जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और छात्राओं को सशक्त बनाना रहा।

पदयात्रा का शुभारंभ भाजपा नेत्री उमा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज की नारी जागरूक हो चुकी है और अपने अधिकारों के प्रति सजग है। उन्होंने छात्राओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का प्रमुख ध्येय है, जिसे साकार करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस पदयात्रा में एनसीसी, एनएसएस सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पदयात्रा के माध्यम से छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण का संदेश समाज तक पहुंचाया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal