Sunday , April 19 2026

पार्षद के प्रयास से मड़ियांव रामलीला मैदान में लगी शीतल जल मशीन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर जानकीपुरम क्षेत्र के मड़ियांव गाँव स्थित रामलीला मैदान में शीतल जल प्याऊ (मशीन) का लोकार्पण विधिवत सम्पन्न हुआ। भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्रवासियों और बाजार आने वाले लोगों को राहत देने के उद्देश्य से यह सराहनीय पहल की गई।

जानकीपुरम वार्ड प्रथम की पार्षद निशा तिवारी के अनुरोध पर एंजेल्स फाउंडेशन के अध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव द्वारा इस जनहित कार्य को साकार किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष उमेश मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चन कर शीतल जल मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि रामलीला मैदान में सप्ताह में तीन बार बाजार लगता है, जहां काफी संख्या में व्यापारी अपनी दुकानें लगाते हैं और बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

इस अवसर पर पार्षद निशा तिवारी ने सहयोग के लिए शशिकांत श्रीवास्तव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और भविष्य में भी ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।