लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज स्थित शिव सहाय जी सभागार में शनिवार को बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की चार शाखाओं की अंतर्शाखीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में 120 बाल वैज्ञानिकों ने 42 मॉडलों को प्रदर्शित किया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने मॉडलों की विशेषताओं को विस्तार से समझाते हुए उनका प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया।


बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रीजनल साइंस सिटी के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी राम कुमार ने कॉलेज प्रबंधन व शिक्षकों के साथ सभी मॉडलों का निरीक्षण किया और बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने “नेचुरल एसी (कुल्हड़-जूट एसी)” मॉडल को प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित करते हुए कहा कि इसमें सुधार कर इसे पेटेंट योग्य बनाया जा सकता है।

मुख्य अतिथि ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि मॉडल तैयार करने के बाद यह सोचें कि उससे समाज और देश को क्या लाभ हो सकता है। उन्होंने नवाचार को चिंतन से जोड़ते हुए छात्रों को पुरानी उपयोगी वस्तुओं और संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से नई तकनीक विकसित करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रथम पांच विजेता टीमों को क्रमशः ₹1001, ₹901, ₹801, ₹701 और ₹601 की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज (गर्ल्स विंग) की छात्राओं सूफी फातिमा, सिद्रा इरम, शरमीन वेग और सनाया इदृशी ने विज्ञान प्रवक्ता वसुधा दीक्षित के निर्देशन में “नेचुरल एसी” मॉडल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान ब्वॉयज विंग के हर्षवर्धन और हर्षित को उनके “जियोथर्मल एनर्जी पावर प्लांट” मॉडल के लिए मिला, जिन्हें शैलेंद्र सिंह ने मार्गदर्शन दिया।


तृतीय स्थान अभिषेक सिंह के निर्देशन में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पल्टन छावनी के प्रिंस सिंह, अभिनव कुमार और अभिजीत गुप्ता को “जियोथर्मल पावर प्लांट” मॉडल के लिए मिला। जबकि चतुर्थ स्थान ब्वॉयज विंग के विज्ञान प्रवक्ता आयशा के निर्देशन में उमंग, पुष्कर एवं आयुष को “सोलर ट्रैकर” मॉडल के लिए प्राप्त हुआ। पांचवां स्थान बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पल्टन छावनी के विज्ञान प्रवक्ता विश्वास वर्मा के निर्देशन में कृष्णा कनौजिया, सचिन शर्मा और रुद्र मिश्रा को उनके “होलोग्राम” मॉडल के लिए मिला।

कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला सहित सभी शाखाओं के टीम इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रदर्शनी ने न केवल छात्रों की वैज्ञानिक सोच को मंच प्रदान किया, बल्कि नवाचार के प्रति उनकी रुचि को भी नई दिशा दी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal