लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। समाज कल्याण विभाग एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए शिक्षा, संगठन और संघर्ष के महत्व पर बल दिया।
गोष्ठी में मौजूद स्थानीय पार्षद स्वदेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब आजीवन अहिंसा के समर्थक रहे और उनके संघर्ष का आशय लक्ष्य की प्राप्ति के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों का साहसपूर्वक सामना करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बाबा साहब के जीवन एवं उनके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अभ्युदय कोचिंग लखनऊ के समन्वयक आर. बी. सिंह, समाज कल्याण विभाग के मनोज, डॉ. उमा सिंह, डॉ. भास्कर शर्मा, डॉ. कुणाल दीक्षित एवं डॉ. विशाल प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal