Thursday , April 16 2026

लखनऊ उत्तर : आंबेडकर सम्मान अभियान’ संगोष्ठी में गूंजा संविधान का संदेश


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान 2026’ के अंतर्गत उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पंकज सिंह शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

मुख्य अतिथि पंकज सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि बाबासाहेब केवल किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से संविधान की मर्यादाओं का पालन करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

वहीं, डॉ. नीरज बोरा ने संगोष्ठी में आए सभी अतिथियों और प्रबुद्धजनों का स्वागत करते हुए कहा कि संविधान देश का सर्वोच्च मार्गदर्शक है और इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की थी, उसमें महिलाओं को मतदान का अधिकार दिलाना ऐतिहासिक उपलब्धि रही है, जो आज भी लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।

लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े पाँच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उन्हें सम्मान प्रदान किया है। साथ ही, उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का कार्य भी भाजपा सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की मजबूत नींव दी। उन्होंने न केवल वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाई, बल्कि उन्हें शिक्षा और आत्मसम्मान का महत्व भी समझाया।

इस अवसर पर अमित गुप्ता, रमेश तूफानी, टिंकू सोनकर, सौरभ वाल्मीकि, राहुल वाल्मीकि, कुमकुम राजपूत, दीपक लोधी, राघवराम तिवारी, मानसिंह यादव, सौरभ तिवारी, राजकुमार मौर्य, रंजीत सिंह, मुन्ना मिश्रा, सीबी सिंह, अनुराग मिश्रा, सुदर्शन कटियार, प्रदीप शुक्ला संजय तिवारी, शैलेन्द्र मौर्य, रमन निगम, चंद्रशेखर गुप्ता, अवधेश गौतम, नरेश रावत, हनुमान गौतम, रामप्रकाश रावत, विशाल रावत, गया प्रसाद रावत, क्षत्रपाल गौतम, राकेश पाण्डेय, विशाल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।