Thursday , April 16 2026

लखनऊ उत्तर : नारी शक्ति वंदन कानून सम्मेलन में दिखा उत्साह, महिलाओं ने जताया आभार


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरुवार को पुरनिया स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सीता नेगी, महानगर उपाध्यक्ष कुमकुम राजपूत, पूर्व पार्षद संतोष तेवतिया तथा नम्रता सिंह श्रीनेत सहित अन्य गणमान्य महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्पण कर किया।

मुख्य अतिथि रंजना उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया नारी शक्ति वंदन कानून देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान, अधिकार और भागीदारी को सुनिश्चित करने का सशक्त राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह अधिनियम केवल आरक्षण तक सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और सशक्त लोकतंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है तो समाज सशक्त होता है और समाज की मजबूती ही राष्ट्र को सुदृढ़ बनाती है।

कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उमा मिश्रा तथा संचालन माला निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूनम राय, बबिता सिंह, रीता सिंह, अनीता शुक्ला सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।