घर-घर पहुंचकर एनएसएस स्वयंसेवकों ने सुनीं समस्याएं, दी कानूनी सलाह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शिया पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा बुधवार को दौलतगंज वार्ड में एक दिवसीय ‘कानूनी मामलों में सलाह’ शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम की शुरुआत शिविर से हुई, जिसमें कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम ने वार्ड निवासियों एवं स्वयंसेवकों को भारतीय आपराधिक कानून की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया।

डॉ. आलम ने पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने एवं न्यायालय से जुड़े आम मामलों और उनसे निपटने के व्यावहारिक उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता से कई कानूनी समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है।

इसके बाद स्वयंसेवकों ने रैली निकालकर दौलतगंज क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उन्हें उचित सलाह प्रदान की।

शिविर में एनएसएस के बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन का उद्देश्य समाज के आम लोगों को कानूनी जानकारी से सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूक करना रहा।