लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में कला और सिनेमा के संगम ‘लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन वरिष्ठ अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी और फेस्टिवल के संस्थापक व आयोजक अयूब खान ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात भारतीय सिनेमा की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिससे समारोह भावनात्मक वातावरण में परिवर्तित हो गया।
फेस्टिवल के पहले दिन ज्यूरी द्वारा चयनित कुल 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की गई, जो देर रात तक चली। प्रदर्शित प्रमुख फिल्मों में ‘पाणी द वॉटर’ (निर्माता जसवंत सिंह झज्ज, निर्देशक अमरदीप सिंह गिल), ‘निखान्या जोग’ (निर्माता आशा सकलानी, निर्देशक देबू रावत), ‘मिशन परफॉरमेंस’ (निर्माता ओमकार राउत, निर्देशक जतिंदर सैराज), ‘आरव’ (निर्माता आतिश कुमार राउत, निर्देशिका सबिता) तथा ‘लॉर्ड्स सिग्नल’ (निर्माता चरणपाल सिंह) शामिल रहीं। इन फिल्मों को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों से सराहना मिली।
इस अवसर पर फिल्म जगत के कई नामचीन कलाकार, निर्माता, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। उन्होंने दर्शकों के साथ संवाद करते हुए सिनेमा की बारीकियों और बदलते रुझानों पर चर्चा की, जिससे आयोजन ज्ञानवर्धक और रोचक बन गया।
फेस्टिवल के संस्थापक अयूब खान ने बताया कि यह आयोजन विश्व सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस पहल को आगे बढ़ाते हुए फेस्टिवल का आयोजन अब हर वर्ष किया जाएगा, जिससे नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal