लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के 10वीं में एस.आर. ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के 150 से अधिक छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
विद्यालय के मेधावी छात्र हार्दिक गुप्ता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, विराट प्रताप सिंह ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। अन्य प्रमुख छात्रों में शौर्य सिंह (96.8%), प्रशस्ति सिंह (96.6%), कृष्णा, पुष्पेंद्र मौर्या एवं अभिजीत सिंह (95.4%) शामिल रहे। इसी क्रम में हर्षिता साहू एवं किंजैल (94.8%), जाह्नवी मौर्या एवं गौतम (94.6%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया।
विद्यार्थियों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के चेयरमैन पवन सिंह चौहान को दिया, जिनके नेतृत्व में विद्यालय में उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छात्रों ने बताया कि प्रारंभिक कक्षाओं से ही मिले मार्गदर्शन और प्रेरणा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद् पवन सिंह चौहान ने सभी सफल छात्रों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकगण को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। एस.आर. ग्रुप के वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान ने भी छात्रों के अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी छात्रों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध रहेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal