Thursday , April 16 2026

RLB : CBSE 10वीं में मेधावियों का दमदार प्रदर्शन, रचा सफलता का इतिहास

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल के मेधावियों में खुशी की लहर दौड़ गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया और स्कूल के साथ-साथ परिवार व राजधानी का नाम रोशन किया।

इंदिरानगर सेक्टर-14 शाखा में परिणाम घोषित होते ही मेधावी छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और खुशी से झूम उठे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में कुल 218 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक जयपाल सिंह, डायरेक्टर निर्मल टंडन, निदेशक नरेंद्र प्रताप सिंह, मोहिंदर सिंह एवं शिक्षकों ने मेधावियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परिणाम में सेक्टर-14 विकास नगर शाखा की छात्रा अक्षरा पांडेय ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी शाखा की अदिति गुप्ता ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘सी’ ब्लॉक इंदिरानगर शाखा की अविका यादव 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

चिनहट शाखा के अभिज्ञान सिंह और साक्षी सिंह पटेल ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सेक्टर-14 विकास नगर की छात्रा तान्या कुशवाह ने 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता को उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।