Saturday , October 17 2026

वेलकम-फेयरवेल में मचाया धमाल, हिमांशी मिस फ्रेशर लक्ष्मी चुनी गईं मिस फेयरवेल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज में गृह विज्ञान विभाग द्वारा स्नातकोत्तर छात्राओं के लिए वेलकम एवं फेयरवेल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य एवं गृह विज्ञान विभाग प्रभारी प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने छात्राओं को जीवन में संघर्ष करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में मिस फेयरवेल का खिताब लक्ष्मी देवी ने अपने नाम किया। प्राची विश्वकर्मा द्वितीय एवं अनामिका वर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तनु द्वितीय और पूजा तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर शिवानी श्रीवास्तव एवं हेमलता पांडेय द्वारा किया गया। समन्वयक रंजना राय के नेतृत्व में एमए एवं पीएचडी की छात्राओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।