Tuesday , April 14 2026

दो दिवसीय ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ युवा समागम का समापन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मेरा युवा भारत, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘विकसित भारत बजट प्रश्नोत्तरी एवं युवा डायलॉग 2026’ का भव्य समापन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 1200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ वंदे मातरम की प्रस्तुति ने वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। मुख्य अतिथि का स्वागत क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने प्रतीक चिह्न भेंट कर किया। जबकि उप निदेशक माहे आलम ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व को रेखांकित किया।

उद्घाटन सत्र में अपने संबोधन में पवन सिंह चौहान ने कहा कि देश की प्रगति में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज में सकारात्मक सोच और परस्पर सम्मान की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने कौशल विकास, युवा नेतृत्व एवं महिला सशक्तीकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया। वहीं ममता शुक्ला ने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समापन सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘माय भारत’ का उद्देश्य युवाओं को सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त एक विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘युवा संदेश’ का वाचन किया गया, जिसने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उप निदेशक विकास सिंह, जागृति पाण्डेय, आकर्ष दीक्षित, माहे आलम, अनुपम कुमार, सोनिका चंद्रा सहित विभिन्न जिलों से आए युवा अधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया और राष्ट्रगान के साथ इस ज्ञानवर्धक एवं ऊर्जावान युवा समागम का विधिवत समापन हुआ।