नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसकी सरकारों ने बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर का सदैव अपमान किया और उन्हें विशेष सम्मान से भी वंचित रखा।नितिन नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में डॉ. अंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। नितिन नवीन ने कहा, “आजादी के 60 वर्षों तक एक विशेष परिवार के अलावा किसी और को सम्मान नहीं देने की मानसिकता रही। संविधान के शिल्पी को दशकों तक उचित सम्मान नहीं दिया गया। पंडित नेहरू ने 1952 और 1954 के चुनाव में बाबासाहेब को हराने और अपमानित करने का प्रयास किया। यहां तक कि मतदाता सूची के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें रोकने की कोशिश की गई।”भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “नेहरू-गांधी परिवार ने स्वयं को तो भारत रत्न दिया लेकिन बाबासाहेब को इस सम्मान से वंचित रखा, लेकिन मैं मानता हूं उस युग के बाद जब वाजपेयी सरकार आई तब उन्होंने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न देने का काम किया। प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने न केवल इस वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाया बल्कि ‘पंचतीर्थ’ की स्थापना कर उनके जीवन दर्शन को वैश्विक पहचान दी। वर्तमान सरकार ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े पांचों मुख्य स्थानों को राष्ट्रीय गौरव का केंद्र बनाकर उनके अनुयायियों और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।”उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का पूरा जीवन समाज सुधार, शिक्षा और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समर्पित रहा। बाबासाहेब ने संविधान के माध्यम से महिलाओं को अधिकार दिए और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया। आज प्रधानमंत्री मोदी उन्हीं के आदर्शों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सपने को धरातल पर उतार रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि अंबेडकर के आदर्शों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। समाज के हर वर्ग को एक आवाज, उनकी आवाज को बुलंद करने का जो उन्होंने काम किया वो निश्चित रूप से समाज के हर वर्ग को आज उत्साहित करता है प्रेरित करता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal