Monday , April 13 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत लगभग दो प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी थोड़ी और बढ़ी। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे दोनों सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। इस लिवाली के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति में बहुत अधिक सुधार नहीं हो सका है। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.65 प्रतिशत और निफ्टी 1.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एशियन पेंट्स, आयशर मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, श्रीराम फाइनेंस और बजाज ऑटो के शेयर 4.01 प्रतिशत से लेकर 3.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, सन फार्मास्युटिकल्स, इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयर 4.40 प्रतिशत से लेकर 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,793 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 508 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,285 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में था। दूसरी ओर 29 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से आठ शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 1,613.09 अंक की कमजोरी के साथ 75,937.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक गिर कर 75,868.32 अंक के स्तर तक चला गया। थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,281.51 अंक की गिरावट के साथ 76,268.74 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 461 अंक टूट कर 23,589.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक लुढ़क कर 23,555.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 396.10 अंक की गिरावट के साथ 23,654.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,550.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,050.60 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।