लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सशस्त्र सीमा बल परिवार के सशक्त संगठन संदीक्षा द्वारा रविवार को सीमांत मुख्यालय, लखनऊ में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संदीक्षा की अध्यक्षा कविता सिंघल और विशिष्ट अतिथि राज पड्डा सहित संगठन की अनेक सदस्याएँ मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्य अतिथि के स्वागत से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। संदीक्षा की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में प्रियंका, अनन्या एवं आँचल द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों और सदस्याओं ने सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कविता सिंघल ने प्रतिभागियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने संदीक्षा परिवार की सदस्याओं और बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा संगठन की कल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात राज पड्डा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि ने सीमांत मुख्यालय परिसर स्थित सुकृति दुकान का भ्रमण किया तथा परिसर में वृक्षारोपण भी किया। जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal