Saturday , April 11 2026

महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज : ‘शिक्षा है अधिकार’ के संदेश संग निकली जागरूकता रैली


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान 2026’ के अंतर्गत महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, मोतीनगर की ओर से छात्र-छात्राओं के नामांकन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मोतीनगर, आर्यनगर, अहीर नगर तथा ऐशबाग ओवरब्रिज जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी और पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर ‘कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।

रैली का संयोजन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, प्रबंधक नरेश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष विशाल अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कमल कुमार तिवारी के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और अभिभावकों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की।

विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिल सकें।