Noida : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर स्थित नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (NIU) के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता और संतोष पाने के गहरे सूत्र समझाए। राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों को दोहराते हुए कहा कि व्यक्तित्व की ऊंचाई मन की विशालता से तय होती है।“मन बड़ा होगा, तभी मिलेगा परम आनंद”दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि छोटे मन का व्यक्ति हमेशा ईर्ष्या, कुंठा और हताशा में घिरा रहता है। ऐसे व्यक्ति को जीवन में कभी वास्तविक सुख और आनंद की प्राप्ति नहीं होती। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “आप अपना मन जितना बड़ा करते चले जाओगे, जीवन में खुशियां और सुख की मात्रा उतनी ही बढ़ती जाएगी। अगर आप परम आनंद पाना चाहते हैं, तो मन में कभी छोटापन मत आने दीजिए।”अटल जी की पंक्तियों से दी सीखराजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां दोहराईं:“छोटे मन से कोई बड़ा नहीं हो सकता, और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं हो सकता।”उन्होंने छात्रों से कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद जब वे पेशेवर दुनिया में कदम रखें, तो अपने भीतर के उत्साह और मन की उदारता को कभी कम न होने दें।टेक्नोलॉजी और AI के व्यावसायिक इस्तेमाल पर सवालभाषण के दौरान रक्षा मंत्री ने विज्ञान और तकनीक के मौजूदा दौर पर भी गंभीर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के ज्यादातर बुद्धिमान लोग विज्ञान और रिसर्च का उपयोग केवल कमर्शियल (व्यावसायिक) फायदे के लिए कर रहे हैं।उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उदाहरण देते हुए कहा, “वैज्ञानिक AI की मदद से गंभीर बीमारियों के इलाज पर काम कर रहे हैं, लेकिन कंपनियों के मालिक उन खोजों को सुख-सुविधाओं की सामग्री बनाने वालों को बेच देते हैं। समस्या तब गंभीर होती है जब हम सामाजिक सरोकारों से ऊपर मुनाफे को रख देते हैं।”मानवता के लिए हो तकनीक का विकासराजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि आज के दौर में इस बात की सख्त जरूरत है कि टेक्नोलॉजी केवल ‘मार्केट’ की मांग पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि मानवता की भलाई के लिए विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने भविष्य के प्रोफेशनल्स से अपील की कि वे अपने कौशल का उपयोग समाज को बेहतर बनाने के लिए करें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal