Thursday , April 9 2026

RR GROUP : क्रिकेट में एंटिटी की जीत, प्रज्ञान-2026 में दिख रहा जोश और उत्साह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बख्शी का तालाब स्थित आर०आर० ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में चल रहे वार्षिकोत्सव ‘प्रज्ञान-2026’ के तीसरे दिन खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। दिन का मुख्य आकर्षण क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रहा, जिसमें आरआर एंटिटी और आरआर कुशीनगर इलेवन के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआर कुशीनगर इलेवन ने निर्धारित 6 ओवर में 6 विकेट खोकर 53 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरआर एंटिटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 4.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। टीम के खिलाड़ी ललित ने 27 रन बनाने के साथ 3 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।

गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता में विंड ब्रेकर और बायोटेक एंजाइम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें विंड ब्रेकर टीम विजयी रही। अंशिका सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘वीमेन ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया।

अन्य प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भालाफेंक में आकाश यादव और सौर्या सिंह, वॉलीबॉल (पुरुष) में हसन ज़फ़र, डार्टबोर्ड में अफ़फान अलवी, सेवेंटाइल में प्रखर शुक्ला विजयी रहे। वॉलीबॉल (गर्ल्स) में अंशिका सिंह की टीम, गैलरी प्रतियोगिता में देवेश यादव, बैडमिंटन (गर्ल्स) में अनिशा सिंह और हिमांशी सिंह तथा बैडमिंटन (बॉयज) में शुभम बिन्द ने जीत हासिल की।

इसके अलावा रस्साकसी (बॉयज) में कुशाग्र सिंह की टीम, कबड्डी (गर्ल्स) में रूबी सिंह की टीम, लॉन्ग जंप में मयंक मिश्रा, दौड़ प्रतियोगिता में योगेश यादव और सुमित यादव विजयी रहे। बौद्धिक प्रतियोगिताओं में कंटेंट राइटिंग में श्रेया त्रिपाठी, पोएट्री में निखत हस्मी, एक्सटेम्पोर में सृष्टि राय, पीपीटी टॉक में ईकांश चौरसिया तथा शतरंज में हर्ष राज सचान ने बाजी मारी।

वार्षिकोत्सव के इस तीसरे दिन खेल और बौद्धिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुआयामी प्रतिभा उभरकर सामने आई, जिससे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।