Thursday , April 9 2026

आर्मी मेडिकल ऑफिसर्स का प्रशिक्षण पूरा, कैप्टन साहिल तंवर बने सर्वश्रेष्ठ अधिकारी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी), लखनऊ में गुरुवार को मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-256 के सफल समापन पर भव्य कोर्स समापन परेड का आयोजन किया गया। सैन्य परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस परेड में प्रशिक्षित अधिकारियों ने अनुशासन और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।

नौ सप्ताह की इस विशेष प्रशिक्षण अवधि में युवा आर्म्ड फोर्सेज़ के मेडिकल और डेंटल अधिकारियों को इंटेंसिव कॉम्बैट मेडिकल सपोर्ट का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को युद्धक्षेत्र में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित किए गए। साथ ही, उन्होंने ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स में भी भाग लिया और आधुनिक युद्धों को प्रभावित करने वाली नवीनतम तकनीकों की जानकारी हासिल की।

इस कोर्स में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व के तहत कुल 123 अधिकारी शामिल हुए, जिनमें 38 महिला अधिकारी भी थीं। परेड की समीक्षा सेना चिकित्सा कोर सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट, ओआईसी रिकॉर्ड्स एवं एएमसी के कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह, एवीएसएम ने की।

कोर्स के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 159 इन्फैंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना के कैप्टन साहिल तंवर को सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित किया गया। उन्हें कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, फील्ड स्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कैप्टन तंवर को मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर समीक्षा अधिकारी ने युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए उनकी उत्कृष्ट उपस्थिति और परेड के सफल संचालन की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखते हुए उच्चतम स्तर की व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को निरंतर अद्यतन करने और उसे और विकसित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक अभिभावक एवं अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। इसके अलावा, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बने।