लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा में मंगलवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम के टॉप 10 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 9 एवं 11 तक की कुल 28 कक्षाओं के टॉप-10 में शामिल 280 मेधावियों को सम्मानित किया गया।


समारोह का शुभारंभ एमडी एचएन जायसवाल और प्रिंसिपल रश्मि शुक्ला ने मां सरस्वती का पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मां सरस्वती वंदना के पश्चात स्टूडेंट्स ने अपने माता पिता की आरती की। प्रथम पूज्य श्री गणेश वंदना “देवा श्री गणेशा…” पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम की धमाकेदार प्रस्तुति से स्टूडेंट्स ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लखनऊ के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय द्वारा जारी परिणाम के अनुसार प्राइमरी वर्ग में कक्षा 1-ए की आद्या राज ने 98.95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में कक्षा 7-बी के श्याम जी ने 95.81 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया, जबकि सीनियर वर्ग में कक्षा 9-ए की आयुषी राजपूत ने 96.28 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने कहा कि बच्चों में अपार ऊर्जा होती है, जिसे सही दिशा देने की आवश्यकता है। सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही प्राप्त होती है। बच्चों को अच्छे संस्कार देने में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों की सफलता उनके परिश्रम, माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का संयुक्त परिणाम है।

कार्यक्रम में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला, सभी कक्षाओं के इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी मेधावियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal