लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। निराला नगर में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के माधव सभागार में चल रही दस दिवसीय मध्य प्रदेश मृगनयनी प्रदर्शनी हस्तशिल्प एवं हथकरघा मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन खूब भीड़ उमड़ी और लोगों ने जमकर खरीदारी की। जिससे बुनकरों और हस्त शिल्पियों में खासा उत्साह दिखा।

वहीं मेला संयोजक एम. एल. शर्मा ने मेले में आए बुनकरों और हस्त शिल्पियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि मृगनयनी प्रदर्शनी के माध्यम से हस्त शिल्पकारों एवं बुनकरों को अच्छा बाजार और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की उचित कीमत दिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। प्रदेश के कारीगरों की लगन और मेहनत से बनाई कलात्मक सामग्री का विक्रय भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लखनऊ में पुनः प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

प्रभारी अरविंद शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य मध्यप्रदेश शासन की मंशानुरूप कला, संस्कृति को बढ़ावा देने, पारंपरिक कलाओं का संवर्धन और कला के कद्रदानों तक हस्तशिल्प की कलाकृतियों को ले जाना है।
हस्तशिल्प एवं हथकरघा मेले में चंदेरी और महेश्वरी साड़ियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही पंचधातु की मूर्तियां, आकर्षक ज्वेलरी, जूट के थैले, जरी के बटुए और लकड़ी के खिलौनों के स्टॉल पर भी भीड़ दिखी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal