लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर ब्वॉयज विंग में शुक्रवार को मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वार्षिक परीक्षा परिणाम के आधार पर बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग के 90 तथा ब्वॉयज विंग प्री-प्राइमरी के 170, कुल 260 टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को उनकी कक्षा में प्राप्त रैंक के आधार पर शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मेधावियों में डे बोर्डिंग शाखा से कक्षा-1 के युग मिश्रा ने 97.88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा-3 के नैतिक निगम 97.28 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा कक्षा-8 की माही राठौर 96.69 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, इंटर कॉलेज (ब्वॉयज विंग) प्री-प्राइमरी में केजी-1E के मोहम्मद अरहम ने 99.88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। केजी-1C के ध्रुव पांडे 98.89 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा नर्सरी-ए के सनी तिवारी 98.81 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सरस्वती वंदना के पश्चात विद्यार्थियों ने योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने सभी मेधावियों को बधाई देते हुए अभिभावकों एवं शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में अपार ऊर्जा और प्रतिभा होती है, जिन्हें सही दिशा देकर उच्चतम मुकाम तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने धैर्य, सहनशीलता और निरंतर प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था का उद्देश्य नई पीढ़ी को गुणवान, बुद्धिमान और प्रतिभाशाली बनाकर समाज के विकास में योगदान देना होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही मार्गदर्शन देना ही एक उत्कृष्ट संस्था की पहचान है।
इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, गर्ल्स विंग की प्रधानाचार्या भगवती भंडारी, इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal