Friday , April 3 2026

FLO को नई दिशा देंगी पूजा गर्ग, सशक्तिकरण और विकास पर फोकस

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फिक्की लेडीज़ ऑर्गनाइज़ेशन (FLO) ने लखनऊ की उद्यमी पूजा गर्ग को वर्ष 2026–27 के लिए अपनी 43वीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। उनके पदभार ग्रहण करते ही संगठन ने महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में नई रणनीतियों पर काम शुरू कर दिया है।

नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य महिलाओं के लिए एक ऐसा सक्षम वातावरण तैयार करना है, जो उद्यमिता, उद्योग में भागीदारी और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करे। उन्होंने अपने कार्यकाल का मार्गदर्शक विषय ‘Strength Within, Scale Beyond’ घोषित किया, जिसके तहत संस्थागत मजबूती, चैप्टरों के बीच बेहतर समन्वय और राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर प्रभाव के विस्तार पर विशेष जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि FLO केवल एक नेटवर्क नहीं, बल्कि नेतृत्व, सहयोग और सार्थक प्रभाव का सशक्त मंच है, जो भारत के सामाजिक और आर्थिक भविष्य को आकार देने में महिलाओं की सामूहिक शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। पूजा गर्ग ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता संगठन को विभिन्न क्षेत्रों, वर्गों और पीढ़ियों की महिलाओं के लिए सबसे विश्वसनीय और प्रभावशाली मंच बनाना है।

अपने संबोधन में उन्होंने स्थिरता, नवाचार, कौशल विकास और नेतृत्व आधारित पहलों पर जोर देते हुए कहा कि ये प्रयास दीर्घकालिक और मापनीय परिवर्तन की दिशा में मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा में महिलाओं की भूमिका केंद्रीय होगी और FLO को इन नीतिगत चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी के साथ उन्हें दिशा देने का कार्य भी करना चाहिए।

इस अवसर पर FLO लखनऊ चैप्टर ने अपनी नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की। चैप्टर की कमान नई चेयरपर्सन सिमरन साहनी को सौंपी गई है। जो एक अनुभवी न्यूट्रिशनिस्ट और उद्यमी हैं तथा हेल्थ और वेलनेस क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं।

नई कार्यकारिणी में निवर्तमान अध्यक्ष वंदिता अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवांशी सेठ, उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह, कोषाध्यक्ष मिताली ओसवाल, सचिव प्रज्ञा अग्रवाल, संयुक्त कोषाध्यक्ष अदिति जग्गी रस्तोगी और वसुधा जैन को शामिल किया गया है।

इसके अतिरिक्त, स्वाति वर्मा ने राष्ट्रीय पहल प्रमुख (निर्यात) का कार्यभार संभाला है। वहीं, FLO लखनऊ चैप्टर को राष्ट्रीय गवर्निंग बॉडी में भी मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है, जिसमें माधुरी हलवासिया, अंजू नारायण, स्वाति वर्मा और आरुषि टंडन शामिल हैं।