लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। निराला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के माधव सभागार में आयोजित मृगनयनी मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रंग-बिरंगे एनामेल से सजी मीनाकारी ज्वेलरी महिलाओं को खासा आकर्षित कर रही है, वहीं दो चश्मी साड़ी और Anushka Sharma से प्रेरित चंदेरी साड़ी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों का मन मोह रहे हैं। प्रदर्शनी 3 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।


गुरुवार को मंच पर लवली घिड़ियाल के निर्देशन में आदि शक्ति नृत्य एकेडमी के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। रोहानिका त्रिवेदी, अग्रिमा आनंद और आद्या त्रिवेदी ने “अच्युतम केशवम्” पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि अग्रिमा आनंद ने “घर मोरे परदेशिया” पर एकल प्रस्तुति देकर तालियां बटोरीं। इस दौरान कलाकारों और अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन ऋचा तिवारी ने किया।


प्रदर्शनी में ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत मध्यप्रदेश की कारीगर महिलाएं भी अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं। भोपाल से आई अफरोज जहां जरी-जरदोजी के पर्स, बटुए और अन्य उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वे करीब 40 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध करा रही हैं, जिसमें उनकी बहन फिरोज भी सहयोग करती हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर महिलाओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाती है।

मीनाकारी ज्वेलरी : पारम्परिक कला में आधुनिकता का संगम
भोपाल से आई मंजू भारद्वाज की मीनाकारी ज्वेलरी भी लोगों को खूब भा रही है। बाजूबंद, झुमके, कंगन, पायल और लॉकेट जैसे आभूषण अपनी बारीक कारीगरी और रॉयल लुक के कारण खास आकर्षण बने हुए हैं। भारतीय आभूषण कला की प्राचीन और आकर्षक शैली मीनाकारी ज्वेलरी एक बार फिर बाजार में खासा लोकप्रिय हो रही है। रंग-बिरंगे एनामेल से सजी यह ज्वेलरी अपनी बारीक कारीगरी और रॉयल लुक के कारण न केवल पारंपरिक बल्कि आधुनिक फैशन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है।
अनुष्का शर्मा की चंदेरी साड़ी और दो चश्मी साड़ी बनी आकर्षण का केंद्र
बॉलीवुड अभिनेत्री Anushka Sharma द्वारा पहनी गई चंदेरी साड़ी ने भी फैशन जगत में खास पहचान बनाई है और भारतीय हैंडलूम को नया प्रोत्साहन मिला है। प्रदर्शनी में अशोक नगर के आशाराम अहिरवार अनुष्का शर्मा चंदेरी साड़ी और दो चश्मी साड़ी भी लेकर आए हैं।
आशाराम ने बताया कि अनुष्का ने एक समारोह में एमराल्ड ग्रीन रंग की चंदेरी सिल्क साड़ी पहनकर सबका ध्यान आकर्षित किया। साड़ी का हल्का, पारदर्शी कपड़ा, गोल्डन ज़री बॉर्डर और बारीक बुटी डिजाइन इसे शाही और आकर्षक बनाते हैं। यह लुक पारंपरिक और आधुनिक फैशन का संतुलित उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि चंदेरी साड़ी मध्य प्रदेश के Chanderi क्षेत्र की प्रसिद्ध हस्तकरघा कला का हिस्सा है। यह साड़ी अपने हल्के वजन, महीन बनावट और सुरुचिपूर्ण डिजाइनों के लिए जानी जाती है। अनुष्का शर्मा जैसे सेलिब्रिटी जब पारंपरिक परिधानों को अपनाते हैं, तो इससे स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प उद्योग को सीधा लाभ मिलता है। “सुई धागा” फिल्म के दौरान भी अनुष्का ने चंदेरी हैंडलूम को बढ़ावा दिया था।
आशाराम अहिरवार ने बताया कि अनुष्का शर्मा चंदेरी साड़ी की कीमत 18 हजार रुपये है। हस्तकला से बनने वाली इस साड़ी को बनाने में 15 से 20 दिन का वक्त लगता है।

दो चश्मी साड़ी की खासियत यह है कि अलग-अलग कोण से देखने पर इसमें दो रंगों का आभास होता है, जो इसे अन्य साड़ियों से अलग बनाता है। यह साड़ी मुख्य रूप से Chanderi में तैयार की जाती है और हल्की, आकर्षक तथा शाही लुक के लिए जानी जाती है। आशाराम अहिरवार ने बताया कि महिलाएं उल्टी या सीधी किसी भी तरफ से यह साड़ी पहन सकती हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal