Wednesday , April 22 2026

लखनऊ एयरपोर्ट से शहर तक सफर आसान, टर्मिनल-3 से सिटी बस सेवा शुरू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीसीएसआईए) के टर्मिनल 3 से नई सिटी बस सेवाओं का शुभारंभ किया। यह पहल हवाई यात्रियों एवं हवाई अड्डे के कर्मचारियों के लिए शहर के सार्वजनिक परिवहन संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के अंतर्गत हवाई अड्डे को शहर के प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने की शुरुआत की गई हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य सुरक्षित, किफायती और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना, जन परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देना तथा लखनऊ शहर में यातायात भीड़ को कम करना है।

इन बस सेवाओं को अमर नाथ सहाय (प्रबंध निदेशक, एलसीटीएसएल) एवं दर्शन सिंह (मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी, सीसीएसआईए) ने दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लखनऊ अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रवक्ता ने कहा, “सिटी बस सेवाओं की शुरुआत यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, शहरी गतिशीलता को मजबूत करने तथा लखनऊ शहर के लिए सतत एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन समाधानों को प्रोत्साहित करने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

इन मार्गों पर संचालित की जाएंगी नई सिटी बस सेवाएं

  1. सीसीएसआईए, लखनऊ – हजरतगंज (चारबाग के माध्यम से)
  2. सीसीएसआईए, लखनऊ – अवध बस स्टेशन, कमता (शहीद पथ के माध्यम से)

सुनियोजित एवं रणनीतिक रूप से निर्धारित ये मार्ग हवाई अड्डे को शहर के प्रमुख व्यावसायिक, आवासीय तथा परिवहन केंद्रों से जोड़ेंगे, जिससे यात्रियों को सहज लास्ट माइल कनेक्टिविटी तथा अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।