नई दिल्ली : सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन ही एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल या जेट फ्यूल के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद पहली बार जेट फ्यूल की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलो लीटर के स्तर को पार कर गई है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण देश में पहली बार जेट फ्यूल की कीमत में दोगुनी से भी अधिक बढ़ोतरी की गई है।उल्लेखनीय है कि ये लगातार दूसरा महीना है, जब सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल की कीमत मे इजाफा किया है। आज इसकी कीमत में दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ोतरी होने के कारण तमाम एयरलाइंस समेत सिविल एविएशन सेक्टर में काम करने वाली सभी कंपनियों के ऑपरेटिंग कॉस्ट में जबरदस्त बढ़ोतरी होना तय हो गया है। ऐसी स्थिति में अब हवाई सफर के और महंगा हो जाने की आशंका भी बन गई है।इस संबंध में उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत 1,10,703.08 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 114.5 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,07,341.22 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है। आज के पहले पिछले महीने एक मार्च को एटीएफ की कीमत में 5,244.75 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 5.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी।ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा आज की गई बढ़ोतरी के बाद पहली बार जेटफ्यूल (एटीएफ) की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलो लीटर के आंकड़े को पार कर गई है। इससे पहले 2022 में एटीएफ की कीमत अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंची थी। उस समय जब रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था, जिसकी वजह से जेट फ्यूल की कीमत उछल कर 1.10 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई थी। हालांकि बाद में इसका कीमत में गिरावट आ गई थी, जिससे जेट फ्यूल एक लाख रुपये के स्तर से नीचे आ गया था।मौजूदा समय में अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच जारी जंग की वजह से पूरी दुनिया के सामने ऊर्जा के संकट की स्थिति बन गई है। इस जंग के कारण कच्चे तेल की आवाजाही में इस्तेमाल होने वाला महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट लगभग बंद जैसी स्थिति में आ गया है। इसकी वजह से दुनिया के कई देशों को इस रास्ते से होने वाली गैस और कच्चे तेल लगभग ठप हो गई है। इसके साथ ही इस जंग और हॉर्मुज स्ट्रेट के ठप होने के कारण कच्चे तेल के दाम भी आसमान पर पहुंच गए हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal