Tuesday , March 31 2026

संस्कार और शिक्षा के संग मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

गोण्डा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज मालवीय नगर में वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह अत्यन्त हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ल ने अतिथियों का परिचय स्वागत कराते हुए वार्षिक परीक्षाफल की घोषणा की। 

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 रामचन्द्र ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि विद्या भारती के विद्यालय भारतीय संस्कृति ज्ञान परम्परा एवं श्रेष्ठ संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिये समाजहित में कार्य करने के संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परम्परा की संरक्षक है।

विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र सिंह खुराना ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित करते हुए कहा कि हमारा विद्यालय युगानुकूल परिवर्तन के लिए क्रियाशील है। जिला प्रचारक सतीश ने कहा कि हम ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करने के संकल्पित हैं जो राष्ट्रभक्ति एवं समाज उपयोगी हो। 

कार्यक्रम में अध्यक्ष राम प्रकाश गुप्त ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा। इस मौके पर वाणिज्य कर अधिकारी कुमार रितेश, कोषाध्यक्ष पंकज सोनी सहित अन्य गणमान्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।  

इस अवसर पर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अन्त में विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ल ने आये हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पाण्डेय हलचल ने किया।