लखनऊ में IPL मैचों के दौरान मध्यरात्रि 12:30 बजे तक मेट्रो सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
ट्रांसपोर्टनगर एवं इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से इकाना स्टेडियम तक जाने और आने के लिए फीडर बस सेवाएं भी उपलब्ध
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्रिकेट प्रेमियों की सुविधाजनक और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए, लखनऊ मेट्रो ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मैच के दिनों में अपनी सेवाएं रात 12:30 बजे (मध्यरात्रि) तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
बता दें कि लखनऊ मेट्रो इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के आधिकारिक कनेक्टिविटी पार्टनर के तौर पर जुड़ा है। यह टूर्नामेंट 28 मार्च 2026 से शुरू हो चुका है।
शाम के मैचों का समय 7:30 बजे से शुरू होता है, जिसे ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाएं रात 12:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, ताकि दर्शकों को देर रात सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा मिल सके।
लखनऊ में सायंकालीन मैच की तिथियां
- 01 अप्रैल 2026
- 22 अप्रैल 2026
- 26 अप्रैल 2026
- 07 मई 2026
- 15 मई 2026
- 23 मई 2026
फीडर बस सेवा
यात्रियों की सुविधा हेतु इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से इकाना स्टेडियम तक तथा ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन से इकाना स्टेडियम तक फीडर बस सेवाएं भी चलाई जाएंगी। यात्रियों को ट्रांसपोर्ट नगर और इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से दोपहर 3 बजे से हर 15 मिनट के अंतराल पर इकाना स्टेडियम के लिए बस मिल सकेगी । इकाना स्टेडियम से भी मैच समाप्त होने के बाद तक मेट्रो स्टेशनों तक बस सेवा उपलब्ध होगी।
यह पहल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि आईपीएल मैचों के दौरान देर रात घर लौटना आसान और सुरक्षित हो सके। यूपीएमआरसी ने सभी मैच दर्शकों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और सुगम यात्रा का आनंद लें।
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने कहा, “उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यात्रियों को सुरक्षित एवं विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। क्रिकेट प्रेमियों को सुरक्षित, आरामदायक और निर्बाध यात्रा देने के लिए हमने लगातार चौथे वर्ष भी लखनऊ मेट्रो की मध्यरात्रि सेवाएं जारी रखी हैं। हमारा उद्देश्य केवल सफर कराना नहीं, बल्कि हर यात्री को एक बेहतरीन और यादगार अनुभव देना है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि लखनऊ मेट्रो की मध्यरात्रि सेवाओं का आनंद लें और अपने आईपीएल पलों को और भी यादगार बनाएं।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal