लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, विराट खंड-1, गोमती नगर में रविवार को शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के अध्यक्ष आशीष कुमार अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल तथा उप-प्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रतन संजय कटियार (आईपीएस, आईजी-एसएसबी) ने दीप प्रज्वलन का किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना सहित विविध रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा वर्षभर विभिन्न शैक्षणिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन में संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास के लिए सकारात्मक वातावरण, उचित मार्गदर्शन और संस्कारयुक्त परवरिश अपनाने की सलाह दी।
विद्यालय के अध्यक्ष आशीष कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को रुचिकर एवं आत्मनिर्भर बनाने वाली शिक्षा पर जोर दिया। सचिव राजीव अग्रवाल ने संस्कारयुक्त शिक्षा को उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
इस अवसर पर रीता मित्तल, पवन गोयल, महेश मित्तल एवं दिनेश चंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं अभिभावक उपस्थित रहे। जिन्होंने विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन भारतीय एवं पाश्चात्य संस्कृति के सुंदर समन्वय को दर्शाती आकर्षक फ्यूजन नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal