Friday , March 27 2026

भव्य भगवा यात्रा में दिखी त्रेता युग की छटा, राममय हुई लक्ष्मण नगरी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को लक्ष्मण नगरी में निकली भव्य भगवा यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। आगे चल रहे सुसज्जित रथ पर प्रभु श्रीराम, भ्राता लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जबकि पीछे भगवा ध्वज थामे सैकड़ों भक्त जय श्रीराम के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। शंख ध्वनि और जयकारों से गूंजते वातावरण ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो त्रेता युग सजीव हो उठा हो।

श्री भगवा यात्रा आयोजन समिति के तत्वावधान में निकली पांचवीं भव्य यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजन के साथ किया गया। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य इं. अवनीश सिंह, पवन सिंह चौहान एवं अंगद सिंह सहित अन्य अतिथियों ने श्रीराम ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

इस अवसर पर आयोजक मंडल के आशीष अग्रवाल, गिरिजा शंकर अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल (भीम), रुपाली गुप्ता, सुनील अग्रवाल, मनोज सिंह, अनुराग साहू समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस ऐतिहासिक भगवा यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।

कपूरथला चौराहे से शुरू हुई भगवा यात्रा निराला नगर, डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, गौतम बुद्ध पार्क, लक्ष्मण टीला, कोनेश्वर मन्दिर चौराहा, चौक, चरक चौराहा, नक्खास बाजार, रकाबगंज, अमीनाबाद, कैसरबाग चौराहा एवं परिवर्तन चौक होते हुए गोमती तट पर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, भजन टोली की प्रस्तुति ने माहौल भक्तिमय कर दिया। जगह जगह भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा, प्रसाद वितरण एवं मंदिर परिसर में भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गयी थी। 

यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी माधवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ’समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और आध्यात्मिक चेतना’ को सुदृढ़ करने तथा हिन्दू स्वाभिमान को जागृत  करने का एक सशक्त माध्यम है।

यात्रा में गिरिजा शंकर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, मनोज लाल, घनश्याम दास अग्रवाल (गुड्डा भैय्या), अशोक अग्रवाल, उमाशंकर हलवासिया, भूपेन्द्र अग्रवाल (भीम), दीपक अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, प्रशान्त भाटिया, दाऊजी अग्रवाल, मनोज़ सिंह (संयोजक), अनिल वर्मा, प्रमोद अग्निहोत्री, यदुनाथ सिंह, विवेक शुक्ल, प्रभाकांत वर्मा वीरेन्द्र कुमार (मीडिया समन्वयक), दिनेश कुमार (केंद्रीय कार्यालय), दिनेश सिंह राणा, अखिलेश्वर नाथ पाण्डेय, प्रमोद अग्निहोत्री, रुचि पाण्डेय, कौशल कुमार सिंह, पारिजात, मुकेश कुमार, बृजेश तिवारी, विजय तिवारी, गौरव शुक्ल, सुनील शुक्ला, अंजनी श्रीवास्तव, अभय उपाध्याय, ललित सिंह रजावत, पंकज तिवारी, पूनम तिवारी, ललित राजावत, उत्कर्ष बाजपेई, मनोज सिंह ,अजित मिश्र, अनमोल कश्यप, सूरज चौधरी, चंद्र भूषण सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।