Thursday , March 26 2026

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन

लखनऊ उत्तर में हो रहा संतुलित विकास : डा. नीरज बोरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक विकास कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर के सभी वार्डों में संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि अनेक परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं और शीघ्र ही प्रारंभ होंगी।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, जल निकासी, सेतु निर्माण, खेलकूद एवं रोजगार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने विकास कार्यों की स्वीकृति एवं सहयोग के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

गुरुवार को हुए कार्यक्रमों के क्रम में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मल्लाही टोला प्रथम वार्ड स्थित मनोहर नगर कॉलोनी में पार्क के चारों ओर सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इसके उपरांत नगरिया ठाकुरगंज घासमंडी क्षेत्र में हिन्दुस्तान इलेक्ट्रिक से लेकर संजय चौरसिया के घर तक सड़क व नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इसी क्रम में डाकखाना मोड़ से अनुज कनक के घर होते हुए गिरिजा शंकर सोनकर के घर तक सड़क व नाली निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में कदम रसूल वार्ड में सगीर खान के घर के सामने सड़क व नाली निर्माण कार्य तथा फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड के केशवनगर क्षेत्र में क्रिकेट एकेडमी से सुनील सिंह के मकान होते हुए सतीश यादव के मकान तक सड़क के दोनों ओर साइड पटरी इंटरलॉकिंग कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त केशवनगर में ही विकास शुक्ला के घर के सामने सड़क व नाली निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया। जबकि फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड के प्रभातपुरम कॉलोनी में त्रिकाल फैक्ट्री के निकट प्रेम जनरल स्टोर से अंकुश वर्मा के घर तक सड़क व नाली निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया।

इस दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पार्षद सी.बी. सिंह, मण्डल अध्यक्ष दया पाण्डेय, सुशील तिवारी, सतीश शर्मा, अभिनव श्रीवास्तव, अनूप सिंह, ऋषि कपूर, सुनील सिंह, मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, आदित्य गौड़, रामशरण सिंह, विनोद बाजपेई, पार्षद रामूदास कनौजिया, विकास शुक्ला, ज्ञानी दीक्षित, उत्कर्ष दीक्षित, अनिल मिश्रा, किशोर सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।