लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज स्थित कृष्ण लोक नगर कालोनी में विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित यूथ इंगेजमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत पीयर लीडर फेलो और नगरीय स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज व फैजुल्लागंज के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य समुदाय के लोगों को बीमारियों की निशुल्क जांच, उपचार, दवाएं एवं विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श कराना था।
क्षेत्रीय पार्षद प्रियंका बाजपेई के सहयोग से शिविर का आयोजन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दीक्षित एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विदुषी के निर्देशन में हुआ। डॉ. रितु वर्मा, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से एएनएम प्रिया व प्रीति आशा फार्मासिस्ट शशि पांडे और लैब टेक्नीशियन आदित्य दिवेदी की उपस्थिति में शिविर का संचालन किया गया।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दीक्षित ने कहा कि संस्था द्वारा किया जा रहा एक अच्छा प्रयास है इससे बस्तियों में रहने वाले लोगो तक आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने बताया की इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 102 मरीजों का पंजीकरण किया गया। उनकी विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें की गईं और आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और उन्हें समय-समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में आशा कार्यकर्ती ने लोगों के आभा कार्ड भी बनाए और आयुष्मान कार्ड बनवाने और सरकार प्रदत्त मुफ्त सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया। समुदाय के लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया, अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और सरकार द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
शिविर को सफल बनाने में सपोर्टिंग स्टाफ व नर्स और विज्ञान फाउंडेशन के फेलो चांदनी, रोशनी, प्रांशु, शिफा, रोशनी गुप्ता, अश्विन, ज़ुलेखा, फातिमा तथा कार्यक्रम समन्वयक प्रीति मौर्या ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal