लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ एवं ASSOCHAM उत्तर प्रदेश के सह-अध्यक्ष हसन याकूब ने सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा निवेश मित्र 3.0 के शुभारंभ किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने निवेश के एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में उठाए गए इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ पारदर्शिता, तेज़ अनुमोदन प्रक्रिया और एआई-आधारित एकीकृत सिंगल-विंडो सिस्टम के माध्यम से निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को और सरल बनाता है।
एक महत्वपूर्ण नीतिगत सुधार के तहत, Uttar Pradesh Revenue Code, 2006 की धारा 80 में संशोधन कर औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। अब सरकारी स्तर पर मानचित्र स्वीकृति के बाद स्वचालित भूमि उपयोग परिवर्तन का प्रावधान प्रक्रियात्मक देरी को कम करेगा और परियोजनाओं के तेज़ क्रियान्वयन में सहायक होगा।
उन्होंने कहा कि कौशल कनेक्ट की शुरुआत और राज्य में एंटरप्रेन्योरशिप पार्क्स का विकास स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति देगा, जिससे नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। निवेशकों के विश्वास को और सुदृढ़ करते हुए, सरकार द्वारा उद्योगों को करोड़ों रुपये के प्रोत्साहन वितरित किए गए हैं। जबकि नए निवेशकों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (LOC) जारी करना मजबूत नीतिगत समर्थन और वित्तीय आश्वासन का संकेत देता है। ये सभी पहलें मिलकर उत्तर प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के एक नए युग की शुरुआत करती हैं, जिससे राज्य एक सक्रिय और निवेशक-अनुकूल औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal