लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ लिटरेरी क्लब के तत्वावधान में सोमवार को डॉ. करुणा पांडे की कृति “एक बच्चे की डायरी” का लोकार्पण एवं उसकी एक मार्मिक कहानी का नाट्य मंचन संपन्न हुआ। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान सभागार में आयोजित समारोह में साहित्य, प्रशासन और समाज के विविध क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने कृति का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि जलशक्ति विभाग के विशेष सचिव श्याम बहादुर सिंह ने कृति का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह पुस्तक आज के समय की सामाजिक विद्रूपताओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उजागर करती है।
वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री डॉ. विद्या विन्दु सिंह ने कहा कि डॉ. करुणा पांडे ने इस कृति में समकालीन समाज की विसंगतियों और बाल मन की सूक्ष्म संवेदनाओं को अत्यंत प्रभावी ढंग से पिरोया है। पुस्तक में तीन पीढ़ियों के संस्कारों और उनके पारस्परिक प्रभावों को जिस संवेदनशीलता से चित्रित किया गया है वह उल्लेखनीय है।
अध्यक्षीय वक्तव्य में हिंदी संस्थान के पूर्व निदेशक सुधाकर अदीब ने इसे बाल मनोविज्ञान पर आधारित एक महत्वपूर्ण और उपयोगी कृति बताते हुए कहा कि आज के व्यस्त जीवन में अभिभावकों के लिए यह पुस्तक आत्मचिंतन का माध्यम बन सकती है। प्रो. सूर्य प्रसाद दीक्षित ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. करुणा पांडे की यह कृति उनकी सृजनात्मक यात्रा को और सुदृढ़ बनाती है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पुस्तक की एक कहानी का नाट्य रूपांतरण रहा जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाट्य प्रस्तुति में बच्चों की मानसिक और सामाजिक चुनौतियों को अत्यंत जीवंत और मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाट्य रूपांतरण स्वयं डॉ. करुणा पांडे ने जबकि निर्देशन ज्ञानेश्वर मिश्रा ‘ज्ञानी’ द्वारा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एन.के.एस. चौहान, चुनाव आयुक्त मुकुल सिंघल, एम.सी. यादव, शोभित नाहर, आयकर विभाग के के.के. महाजन, ओ.एन. तिवारी, रंजन श्रीवास्तव, हरी मोहन बाजपेई, डॉ. लाल, मनोरमा लाल, रीता जैन, लखनऊ लिटरेरी क्लब की अध्यक्ष प्रो. ज्योति काला, वरिष्ठ साहित्यकार देवकीनन्दन शान्त, दयानंद पाण्डेय, महेन्द्र भीष्म, अलका प्रमोद, प्रभात जोशी, निर्मला पंत, प्रमिल द्विवेदी, प्रदीप सारंग, रंगकर्मी पुनीत अस्थाना, गोपाल सिन्हा, संगम बहुगुणा, लोक गायिका नीरा मिश्रा, आशा श्रीवास्तव, ज्योति किरन रतन, डा. एस.के. गोपाल, तरुण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं साहित्यकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय भास्कर पांडे ने कुशलतापूर्वक किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal