Friday , March 20 2026

निवेश परियोजनाओं को तय समयसीमा में करे पूर्ण : दीपक कुमार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उद्योगों हेतु निवेश अनुकूल वातावरण सृजित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में उच्चस्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने की। बैठक के दौरान राज्य में निवेश प्रवाह को गति देने, परियोजना-स्तर की बाधाओं के त्वरित समाधान और निवेशकों के लिए संस्थागत सहायता प्रणाली को और अधिक सुगम बनाने पर विशेष बल दिया गया।

निवेश इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 108 उद्यमी मित्रों के कार्यकाल को मई 2026 तक बढ़ाने को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। उद्यमी मित्र, समर्पित रिलेशनशिप मैनेजर के रूप में, निवेशकों और विभाग के बीच एक सेतु का कार्य करते है तथा उद्योगों की स्थापना से लेकर वाणिज्यिक उत्पादन में सहायता करते हैं।

इस सहयोग तंत्र को और सशक्त बनाने के लिए समिति ने शासनादेश (GO) के अनुसार 24 नए उद्यमी मित्रों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और नई दिल्ली जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में सैटेलाइट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ऑफिस (SIPO) के लिए 10 पद भी शामिल हैं। जिससे राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश को एक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक होंगे 

समिति ने इन्वेस्ट यूपी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल (EDC) स्थापित करने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की, जिसका उद्देश्य स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत 1,000 से अधिक उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

उच्च मूल्य की निवेश परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करने में भी महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई। बैठक में 10 से अधिक निवेश मुद्दों को चर्चा एवं समाधान के लिए एजेंडा में शामिल किया गया। भूमि उपयोग परिवर्तन, वैधानिक स्वीकृतियों, शुल्क छूट और अवसंरचना कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों का विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से समाधान किया गया। जिससे समयबद्ध निर्णय और परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ।

निवेश मित्र 3.0 के आगामी शुभारंभ से पहले, समिति ने सभी विभागों के साथ पोर्टल के माध्यम से निवेशक सेवाओं को सुदृढ़ करने, स्वीकृति प्रक्रियाओं को सरल बनाने और प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर करने पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यकुशलता और जवाबदेही पर जोर देते हुए दीपक कुमार ने सभी विभागों को प्रक्रियाओं को सरल बनाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर स्वीकृतियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव (राजस्व विभाग) अपर्णा यू., मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी विजय किरण आनंद और एसीईओ इन्वेस्ट यूपी प्रेर्णा शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अन्य अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।