Friday , March 20 2026

कोल्ड मार्च : यूपी में भारी बारिश, लखनऊ में ओलावृष्टि, उन्नाव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत; 27 जिलों में अलर्ट

UP Rain Today : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिसने प्रदेश के लोगों को हैरान कर दिया है। लखनऊ सहित 27 से अधिक जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने पलटी खाई। करीब 10 बजे के आसपास आकाश में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई, जो इस सीजन की पहली वर्षा है। इसके साथ ही, कई जिलों में ओलावृष्टि की भी खबरें मिली हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।लखनऊ में बारिश के साथ गिरे ओलेराजधानी लखनऊ में शनिवार को भी वज्रपात के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल, बुंदेलखंड समेत लगभग पूरे प्रदेश में तेज हवा और गरज-चमक का असर रहेगा। उन्होंने कहा कि गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक था।यूपी में ओलावृष्टि से कई शहरों में फसले बर्बादमौसम विभाग का कहना है कि फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बांदा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।बेमौसम बारिश और तेज हवा से सबसे ज्यादा प्रभावित गेहूं की फसल है, जो पकने के कगार पर है। हवा और बारिश के कारण कई जगह फसल गिरने लगी हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा, सरसों, मटर, आलू और आम के बौर (मंजरी) को भी भारी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से मौसम साफ हो जाएगा।उन्नाव में आसमान से बिजली गिरने से दो लोगों की मौतउन्नाव के असोहा क्षेत्र के गांव कांथा में शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक, कुलदीप और साहिल, किसी कार्य से बाहर गए थे, तभी आकाशीय बिजली गिरने का हादसा हुआ। दोनों को सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।मुरादाबाद में देर रात के बाद शुक्रवार सुबह फिर से बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने 21 मार्च तक बारिश की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा।संभल में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह करीब नौ बजे से शुरू हुई बारिश के साथ ही तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। फिलहाल हवा शांत है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पर इसका असर दिखने लगा है। कई स्थानों पर फसलें गिर गई हैं, जिससे नुकसान की आशंका है।