लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के संस्थापक रहे रामदास अग्रवाल की जयंती वैश्य एकता दिवस के रूप में गोसेवा कर मनाई गई। संगठन की लखनऊ महानगर इकाई द्वारा मंगलवार को मलिहाबाद स्थित गोपेश्वर गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में गौओं को चारा एवं गुड़ खिलाकर सेवा की गई तथा संगठन के आह्वान पर वर्ष 2026 को “गोसेवा वर्ष” के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया।

मुख्य अभ्यागत के रूप में उपस्थित संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री डा. अजय गुप्ता ने कहा कि वैश्य एकता दिवस का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में जोड़ते हुए सेवा कार्यों के प्रति जागरूक करना है। इसी भावना के साथ इस वर्ष गोसेवा को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
संगठन के महानगर अध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि वैश्य समाज सदैव सेवा, सहयोग और संस्कारों की परंपरा का संवाहक रहा है तथा गोसेवा के माध्यम से समाज अपने सांस्कृतिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।
गोपेश्वर गौशाला के प्रबंधक उमाकांत गुप्ता ने सभी का स्वागत करते हुए गौग्रास निकालने एवं गौशालाओं को निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश महामंत्री डा. अनिल कुमार गुप्ता, प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चौरसिया, युवा इकाई के प्रदेश महामंत्री आशीष गुप्ता, महिला इकाई की महानगर अध्यक्ष रुपाली गुप्ता, एडवोकेट अमित पटवा, पार्वती गुप्ता, अरविन्द गुप्ता, गंगोत्री गुप्ता, उमेश गुप्ता, अभय गुप्ता, गोपाल गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal