Sunday , March 15 2026

फूलों की होली में बिखरे बुन्देली लोक रंग, गूंजा अरे जा रे हट नटखट…

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद द्वारा रविवार को गोमती नगर के एल्डिको ग्रीन स्थित एफिल क्लब सभागार में आयोजित 39वें होली मिलन समारोह में ईसुरी के फाग और पारंपरिक बुन्देली गीतों के साथ फूलों की होली खेली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष महेन्द्र तिवारी ने की।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विजय कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पेंशन निदेशालय के निदेशक रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संरक्षक पुष्पलता अग्रवाल, बनारसी प्रसाद गुप्त तथा वी. के. शुक्ला शामिल रहे। सभी ने उपस्थित जनों को होली की शुभकामनाएं दीं।

संस्था के महासचिव कैलाश जैन ने बताया कि बुन्देली लोकपरंपरा को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से परिषद प्रतिवर्ष होलीगीत, रसिया और राई नृत्य जैसे कार्यक्रम आयोजित करती है। सांस्कृतिक सचिव अर्चना गुप्ता के संयोजन में बुन्देली परिवार की महिला टीम ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पलता अग्रवाल ने पारंपरिक गीत होरी खेलत गैल गिरी जमुना, ईसुरी का फाग जो हमले छैल छला बन जाते लाल तथा पिया कैसे डुलाऊं रस के बिजना के गायन से की। स्वरा त्रिपाठी ने अरे जा रे हट नटखट गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त कीर्ति जैन, श्रद्धा लिटौरिया और आशा तिवारी ने भी प्रस्तुतियां दीं।

समारोह में बुन्देली व्यंजनों के पारंपरिक भोज का भी आयोजन हुआ जिसमें लगभग 100 परिवारों ने सहभागिता की। अतिथियों का स्वागत परिषद के उपाध्यक्ष बी. के. लिटौरिया ने किया। कार्यक्रम का संचालन योगेश चौहान ने किया। इस अवसर पर स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल, लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी सहित अन्य उपस्थित रहे।