Sunday , March 15 2026

मंच से सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले- ‘कुंभ से लेकर मेट्रो तक… हमारी सरकार ने महत्वपूर्ण काम किए’

Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को मुंबई में मौजूद हैं, जहां उन्होंने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया और जनता के बीच अपनी बात रखी। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने कई बदलाव किए हैं, जिनमें से कुंभ मेले के आयोजन के समय सुरक्षा के प्रावधान प्रमुख हैं।उन्होंने बताया कि कुंभ के दौरान, आग से बचाव के लिए एक नई व्यवस्था लागू की थी, जिसके तहत गैस सिलेंडर को रेत के नीचे रखकर आग लगने की संभावना को कम किया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम उनकी सरकार में लिया गया था ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने कुंभ से लेकर मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स तक महत्वपूर्ण काम किए हैं। लखनऊ मेट्रो के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि यह योजना उनके मेनिफेस्टो का हिस्सा नहीं थी, लेकिन आवश्यकता को देखते हुए इसे बनाया गया। उन्होंने कहा कि देश के मेट्रो मैन श्रीधन को उन्होंने सलाहकार बनाया और उन्होंने सबसे कम समय में 9 किलोमीटर लंबी मेट्रो का निर्माण किया।इसके अलावा, अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने देश का सबसे बड़ा सिंगल एलिवेटेड रोड भी बनाया है। साथ ही, उन्होंने गोमती नदी रिवर फ्रंट का काम भी किया, जो शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने आगरा-लखनऊ हाईवे का निर्माण शुरू किया, तो उसमें बेहतर बदलाव किए गए। बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हवाई जहाज उतराने जैसी सुविधा, जो अब सरकार कर रही है, वह उन्होंने 11 साल पहले ही शुरू कर दी थी।अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल की एक खास उपलब्धि के रूप में ग्रीन बेल्ट बनाने का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार में पहली बार ऐसा हुआ कि पेड़ लगाने का काम मंत्री या नेता नहीं, बल्कि विभागों ने किया। आखिरी पेड़ भी विभागों ने लगाए, जिससे उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र और हरियाली बढ़ी। उन्होंने कहा कि इस पहल की वजह से प्रदेश में सबसे ज्यादा पेड़ लगे और वन क्षेत्र का विस्तार हुआ।सामाजिक विकास के संदर्भ में, अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी को गांव की पार्टी कहा जाता था। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी शिक्षा के खिलाफ आलोचनाओं के बीच, उन्होंने बच्चों को लैपटॉप वितरित करने का फैसला किया, जो अखबारों में सुर्खियों में रहा। इस योजना के तहत, लैपटॉप ऑन करने पर सबसे पहले नेताजी और स्वयं अखिलेश यादव की तस्वीर दिखाई देती है, जो आज भी जारी है।उन्होंने संस्कृति एवं कलात्मकता के क्षेत्र में किए गए कामों का भी जिक्र किया। कहा कि उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में फिल्मों और टीवी शोज का निर्माण बढ़ा, लोक कलाकारों को काम मिला, और सरकार इन नीतियों को आगे भी निभा रही है। इसके अलावा, उन्होंने फूलों की होली की परंपरा शुरू की, जिससे आसपास के गांवों में फूल उगाने की रुचि बढ़ी। साथ ही, सैफई महोत्सव, आगरा महोत्सव और झांसी महोत्सव जैसे आयोजन भी शुरू किए गए। उन्होंने कहा कि यश भारती पुरस्कार के माध्यम से उत्तर प्रदेश के कलाकारों का सम्मान किया जाता रहा है, और उन्हें हर महीने 50 हजार रुपये सम्मान राशि दी जाती है।अखिलेश यादव ने अयोध्या में भजन स्थल बनाने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में वह योजना पूरी तरह से नहीं बन पाई, लेकिन उन्होंने उस समय का पूरा प्रयास किया कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भजन स्थल बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि इन भजन स्थलों की सुविधा दी गई है, ताकि आने वाले श्रद्धालु आराम से रुक सकें और उनका समय अच्छा बीते।