लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर निगम जोन-3 में नव निर्मित कार्यालय भवन, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी व योगा सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा, नगर आयुक्त गौरव कुमार भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि यह सुविधा आधुनिक नगर प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। उन्हें प्रधानमंत्री के साथ लगभग 50-60 देशों की यात्रा करने का अवसर मिला है और विकसित देशों की व्यवस्थाओं को देखने के बाद वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि लखनऊ में विकसित की गई यह सुविधा दुनिया की बेहतरीन व्यवस्थाओं के समकक्ष है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए शहरों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्थापित यह अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित सुविधाएं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे न केवल प्रशासनिक सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि नागरिकों को सम्मानजनक और आधुनिक वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आज के समय में प्रशासन से जनता की अपेक्षाएं काफी बढ़ गई हैं। टेक्नोलॉजी के विकास के बाद लोग जन्म प्रमाण पत्र, विभिन्न प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी सेवाएं समयबद्ध तरीके से प्राप्त करना चाहते हैं। यदि इन सेवाओं में अनावश्यक विलंब होता है तो इससे असंतोष और शिकायतें उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना सरकार और प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है, क्योंकि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान जनता की समस्याओं के प्रति उसकी संवेदनशीलता से होती है।

उन्होंने कहा कि उनके मन में लंबे समय से यह विचार था कि नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों को आधुनिक नागरिक सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाए। जहां कोई भी नागरिक अपने दस्तावेज लेकर आए तो उसे सम्मानजनक वातावरण में बैठने की सुविधा मिले और उसकी समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके। इस नई व्यवस्था में नागरिकों के लिए बेहतर काउंटर व्यवस्था, प्रतीक्षालय और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मंत्री श्री शर्मा ने नगर निगम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार की गई विशेष सुविधाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइब्रेरी, योगा सेंटर, जिम, कैफेटेरिया और बैठने की आधुनिक व्यवस्था की गई है, जो उनके स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल अनुकरणीय है बल्कि अन्य नगर निकायों के लिए भी एक प्रेरणादायी मॉडल बन सकती है।

उन्होंने इस अवसर पर महापौर, नगर आयुक्त और नगर निगम की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि इस आधुनिक सुविधा को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि आने वाले वर्षों में भी यह केंद्र उसी उत्कृष्ट स्थिति में बना रहे और जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करता रहे।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम लगातार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। इस अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से लोगों को गृहकर, नामांतरण, जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। जिससे नागरिकों का समय बचेगा और कार्यों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि अलीगंज क्षेत्र के नागरिकों के लिए यह केंद्र अत्यंत लाभकारी साबित होगा। इससे जोन 3 के लोगों को नगर निगम की सेवाओं के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा और सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद पृथ्वी गुप्ता, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा, जोनल अधिकारी आकाश कुमार, जोनल सेनेटरी ऑफिसर मनोज यादव, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

नगर निगम लखनऊ के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के निर्माण पर लगभग 13.11 करोड़ रुपये की लागत आई है। अलीगंज के सेक्टर–बी में पानी की टंकी के पास स्थित यह भवन लगभग 2184 वर्ग मीटर परिसर में विकसित किया गया है, जबकि भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 1297.50 वर्ग मीटर है। भवन को तीन तल—भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल में तैयार किया गया है।

भवन के भूतल पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से सीनियर सिटीजन कम्युनिटी एंड रिक्रिएशनल सेंटर बनाया गया है। यहां मनोरंजन एवं गतिविधि कक्ष, जिम एवं योग कक्ष, लगभग 800 पुस्तकों से सुसज्जित पुस्तकालय, वित्तीय एवं कानूनी परामर्श कक्ष तथा कैफेटेरिया की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय की भी व्यवस्था की गई है, जिससे सभी वर्गों के नागरिकों को सुविधा मिल सके।

भवन के प्रथम तल पर जोनल अभियंत्रण कार्यालय स्थापित किया गया है, जहां नागरिकों की सुविधा के लिए 16 पटल काउंटर बनाए गए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से गृहकर, अभियंत्रण, जलकल, मार्ग प्रकाश, संपत्ति विभाग, उद्यान विभाग, जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र, नामांतरण, प्रचार एवं अतिक्रमण से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे नागरिकों को नगर निगम के विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

द्वितीय तल पर जोन–3 का जोनल कार्यालय स्थापित किया गया है, जहां से क्षेत्र से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन कार्य संचालित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र के शुरू होने से अलीगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ मिल सकेंगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal