Monday , March 9 2026

11 मार्च को लक्ष्मण नगरी पहुंचेगी गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा, शामिल होंगे ऋषि त्रिवेदी 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती के सानिध्य में 11 मार्च को अपराह्न एक बजे काशी राम स्मृति सांस्कृतिक उपवन, पासी किला चौराहा, लखनऊ पहुंच रही गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा में अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। 

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ल ने कुर्सी रोड स्थित संगठन के मुख्यालय में प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद बताया कि गोमाता को राज्यमाता घोषित कर प्रदेश में पूर्णतया गो हत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर निकाली जा रही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में इस यात्रा की शुरूआत काशी के केदारघाट पर गंगा मां की विधिवत आरती के साथ शुक्रवार को की गयी।

अगले दिन शनिवार सुबह श्रीचिंतामणि गणेश और संकटमोचन मंदिर में पूजा करने के बाद यात्रा लखनऊ के लिए शुरू हुई। शंकराचार्य चार दिनों में छह जिलों में दर्जनभर से अधिक स्थानों पर गो रक्षा के लिए सभाएं करेंगे। वह जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, उन्नाव, लखीमपुर खीरी होकर 11 मार्च को लखनऊ पहुंचेंगे। 

अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ल ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और नगर इकाईयों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि 11 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में काशीराम स्मृति सांस्कृतिक उपवन पहुंचे। मालूम हो कि इस यात्रा में देश के विभिन्न गौ रक्षा के लिये कार्य कर रहे संगठनों के प्रतिनिधि भी इस यात्रा में हिस्सा लेने के लिये पहुंच रहे है।