Monday , March 9 2026

महिला प्रतिभाओं को समर्पित रहा “हुनर के रंग”, कई हस्तियों को मिला सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अदीरा – पिंक इज़ पावरफुल की ओर से होटल क्राउन प्लाजा, सुल्तानपुर रोड में आयोजित “हुनर के रंग” कार्यक्रम में महिला प्रतिभाओं के हुनर, रचनात्मकता और उपलब्धियों का सम्मान किया गया। साहित्य, संगीत, नृत्य और रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को इस अवसर पर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कवियित्री डॉ. सरला शर्मा की पंक्तियों “तमाशा ख़ुद सरे बाज़ार मत बन, मुहब्बत कर मगर बीमार मत बन। तुझे हक़ है यक़ीनन मेरे दिल पर, हुकूमत कर मगर सरकार मत बन” ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। 

“हुनर के रंग” कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें कविता के क्षेत्र में डॉ. सरला शर्मा, शगुफ्ता अंजुम, रंगोली पंडित, प्रिया सिंह, रंगमंच के क्षेत्र में मृदुला भारद्वाज, संध्या रस्तोगी, भानुमति सिंह, रोजी मिश्रा, अर्चना शुक्ला, नृत्य के क्षेत्र में सुरभि सिंह, डॉ. सुरभि शुक्ला, प्रसन्ना, सरिता सिंह, डॉ. रूचि खरे, गायन के क्षेत्र में कुसुम वर्मा, डॉ. अंजु भारती, संगीता श्रीवास्तव, संजोली पांडेय, और आकांक्षा सिंह को प्रमुख रूप से सम्मानित किया गया। वहीं राइजिंग स्टार के रूप में अदिति श्रीवास्तव और अधिरा यादव को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

स्पेशल अवॉर्ड्स के तहत बोधिट्री इंडिया की फाउंडर नेहा आनंद, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लवी मेहरोत्रा, यूपी सचिवालय में मैनेजमेंट ऑफिसर हर्षिता पांडेय, क्राउन प्लाजा की असिस्टेंट मार्केटिंग मैनेजर मुस्कान वर्मा, उद्गम वेलफेयर फाउंडेशन की प्रमुख रूपाली श्रीवास्तव, रेड ब्रिगेड लखनऊ की संस्थापिका ऊषा विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अमरेन फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता रेणुका टंडन ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और ऐसे मंच उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं विशिष्ट अतिथि रेकी ग्रैंड मास्टर एवं स्पिरिचुअल हीलर गुरु सोहानी पांडेय, इंडियन इन्वेस्टर्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश स्टेट काउंसिल की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संगीता श्रीवास्तव, भागीरथ एंक्लेव की अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पूजा सिंह को भी सम्मानित किया गया। विशेष सहयोग के लिए कॉरपोरेट लीडर आर.के. शरण और सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायक मिथिलेश लखनवी को भी सम्मान प्रदान किया गया। 

कार्यक्रम के अंत में डजेन हैंड्स मीडिया ग्रुप के सीएमडी राहुल वर्मा और अदीरा – पिंक इज़ पावरफुल की संस्थापिका रितिका चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अदीरा का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को मंच प्रदान करना है, ताकि समाज में उनकी रचनात्मक ऊर्जा और योगदान को उचित पहचान मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “हुनर के रंग” जैसे आयोजन भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायी भूमिका निभाते रहेंगे।