Monday , March 9 2026

भाषा विश्वविद्यालय को पराजित कर SGPGI ने चांसलर कप जीता

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जन भवन की ओर से आयोजित चांसलर कप क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 को एसजीपीजीआई टीम ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय को चार विकेट से हराकर अपने नाम कर लिया। इस मौके पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने पुरस्कार वितरण करते हुए कहा कि आप किसी भी क्षेत्र में काम करिए लेकिन खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाइये। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही जरूरी नहीं है बल्कि यह चरित्र निर्माण में भी भूमिका निभाता है।

इसके पहले फाइनल के दबाव के चलते अपेक्षाकृत लो स्कोरिंग मैच में एसजीपीजीआई ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की शुरुआत बेहद खराब रही। 20 रन के कुल योग पर टीम ने अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों को गवा दिया। हालांकि उनके कप्तान शिबि हैदर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 38 रन बनाए और अपनी टीम को 80 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। एसजीपीजीआई की ओर से हिमांशु और पवन ने तीन-तीन विकेट झटके। 

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसजीपीजीआई की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने जल्दी-जल्दी अपने विकेट गवां दिया। हालांकि प्रवीण और पवन के 25-25 रनों के महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत एसजीपीजीआई ने, दसवें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। प्रतियोगिता का मैन ऑफ द मैच सीरीज और बेस्ट बैट्समैन कुंदन को चुना गया।

इसके बाद चांसलर कप की विजेता टीम एसजीपीजीआई और जनभवन की टीम के बीच एक मैत्रीपूर्ण मैच का आयोजन किया गया। मैच के दौरान राज्यपाल के ओएसडी अशोक देसाई, ओएसडी सुधीर एम बोबडे, ओएसडी डॉ. पंकज एल जानी ने टीम का उत्साह बढ़ाया।

इस मौके पर पुनीत द्विवेदी, एकेटीयू के कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय, वित्त अधिकारी केशव सिंह, अन्य लोग मौजूद रहे। मैचों का प्रबंधन पीएसओ जमाल सिद्दीकी ने किया।