Sunday , March 8 2026

बुंदेलखंड में पहली बार पर्यटन हितधारक सम्मेलन आयोजित, पर्यटन संभावनाओं पर शुरू हुआ मंथन

झांसी : भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश पर्यटन के सहयोग से 07 से 09 मार्च तक झांसी एवं आसपास के पर्यटन स्थलों में बुंदेलखंड पर्यटन हितधारक सम्मेलन तथा फेमिलराइजेशन (फैम) टूर का आयोजन किया गया है। सम्मेलन का आयोजन नटराज सरोवर पोर्टिको झांसी में बीते कल देरशाम शुरू हुआ, जिसमें लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।देर शाम शुरू हुए सम्मेलन में टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, टूर गाइड, होटल व्यवसायी, होमस्टे संचालक, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि तथा पर्यटन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश पर्यटन, राज्य पुरातत्व विभाग और झांसी संग्रहालय के अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को उजागर करना और पर्यटन हितधारकों व सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। पर्यटन मंत्रालय के सहायक निदेशक संदीप शुक्ला ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पर्यटन विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा ने क्षेत्रीय आर्थिक विकास में पर्यटन की भूमिका पर प्रकाश डाला।बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत ने बुंदेलखंड को प्रमुख पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान के विभागाध्यक्ष व डीन प्रो. देवेश निगम ने पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास और अकादमिक सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त महानिदेशक एवं क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर) अरुण श्रीवास्तव ने मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी देते हुए पर्यटन को सतत और समावेशी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान टूरिस्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर अवनीश कुमार ने मंत्रालय के NIDHI पोर्टल पर सेवा प्रदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया पर प्रस्तुति दी और हितधारकों को इसमें जुड़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का समापन टूरिस्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर संजय कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद बी2बी नेटवर्किंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पर्यटन हितधारकों और अधिकारियों ने संभावित सहयोग के अवसरों पर चर्चा की। सम्मेलन के अंतर्गत तीन दिवसीय फेम (FAM) टूर भी आयोजित किया गया, जिसके तहत प्रतिभागियों को झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि इन पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके। इस अवसर पर चंद्र सोनी, विक्रम सबरवाल, पवन पटेल सहित विभिन्न पर्यटन हितधारक और अधिकारी उपस्थित रहे।