Sunday , March 1 2026

वार्षिक खेल दिवस में मलिन बस्ती के बच्चों ने दिखाया दमखम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आर्यश्री शिक्षा समिति द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में मलिन बस्ती के बच्चो के साथ वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा प्रोत्साहन केंद्र के लगभग 170 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना गीत से हुई। इसके पश्चात बच्चों की रोचक दौड़ प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों द्वारा योग नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। ओ हो हो हो, धड़क-धड़क तथा मिशन सिंदूर जैसे गीतों पर बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

मुख्य अतिथि रीता बहुगुणा जोशी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा देश विश्व का सबसे युवा देश है और आप सभी बच्चे इस देश के भविष्य हैं, पढ़ाई के साथ खेलकूद भी आवश्यक है, इस प्रकार के आयोजन बच्चों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक  कौशल को भी बढ़ावा देते हैं।

संस्था की सचिव तुलिका धवन कपूर ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने शारीरिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। विशेषकर योग से शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है, मांसपेशियाँ मजबूत होती हैं तथा तनाव कम होता है। बचपन से ही योग अपनाने से बच्चों में अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

प्रतियोगिता के अंत में विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। मंकी रेस में रघुवर प्रथम, युवराज द्वितीय और केसर तृतीय बनी। रेस में शुभम प्रथम, नाजिया द्वितीय और महक तृतीय रहे। बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर उनका उत्साह वर्धन किया गया। इस अवसर पर बच्चों की माताओं महिमा पाल, दिव्यांशी, अर्पिता गुप्ता और अंजली गुप्ता को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति वी.के. धवन, सृष्टि राठौर (PCS), न्यायाधीश विकास सक्सेना, बाल आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल संस्था के स्टाफ सदस्य शुभम, अजय, सतीश एवं प्रदीप, शिक्षिकाएं शालिनी, ज्योति, नेहा, शीबा एवं चंद्रकला मौजूद रहीं। कार्यक्रम की कोरियोग्राफर सपना भारती द्वारा की गई।