Saturday , February 28 2026

महर्षि यूनिवर्सिटी : सजी यादों की महफ़िल, मोनाली ठाकुर के गीतों पर जमकर थिरके युवा

 

एलुमनी मीट 2026 में पूर्व छात्रों ने बांटे इंडस्ट्री के अनुभव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी में आयोजित एलुमनी मीट 2026 सिर्फ एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि अनुभव और प्रेरणा का जीवंत संगम बन गया। विश्वविद्यालय परिसर में देशभर से पहुंचे पूर्व छात्रों ने एक बार फिर अपने पुराने दिनों को याद किया और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने इंडस्ट्री अनुभव साझा किए।

करीब 500 से अधिक एलुमनी ने इस मौके पर बताया कि कैसे विश्वविद्यालय से मिली शिक्षा, अनुशासन और प्रैक्टिकल अनुभव ने उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सफलता दिलाई। आईटी, मीडिया, मैनेजमेंट, फाइनेंस और अन्य क्षेत्रों में स्थापित पूर्व छात्रों ने खुलकर चर्चा की कि इंडस्ट्री की वास्तविक चुनौतियाँ क्या होती हैं और छात्र अभी से किन स्किल्स पर काम करके खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं।

पूर्व छात्रों ने वर्तमान छात्रों को सलाह दी कि डिग्री के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्किल, टीमवर्क, टेक्निकल अपडेट और इंटर्नशिप का अनुभव बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखना ही असली सफलता की कुंजी है। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर सवाल पूछे और अपने करियर से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।

शाम होते-होते माहौल पूरी तरह बदल गया और कैंपस संगीत की धुनों से गूंज उठा। बॉलीवुड की मशहूर गायिका मोनाली ठाकुर ने लाइव कॉन्सर्ट में अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। जैसे ही उनके गानों की धुन बजी, छात्र और एलुमनी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। पूरा परिसर तालियों और  से गूंज उठा और एलुमनी मीट एक यादगार संगीतमय शाम में बदल गया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। बीओजी मेंबर राहुल भारद्वाज ने इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को बधाई दी। इस मौके पर कुलपति भानु प्रताप सिंह, कुलसचिव गिरीश छिमवाल तथा चीफ फाइनेंस ऑफिसर वरुण श्रीवास्तव, मुख्य परीक्षा नियंत्रक केके शुक्ला, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश सिंह, डीन अकादमिक डॉ. नीरज जैन, सभी स्कूल के डीन फैकल्टी और स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने एलुमनी और विद्यार्थियों के बीच इस संवाद को विश्वविद्यालय की परंपरा और प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

एलुमनी मीट 2026 ने यह साबित कर दिया कि जब अनुभव और ऊर्जा एक मंच पर मिलते हैं, तो न केवल पुरानी यादें ताज़ा होती हैं, बल्कि भविष्य की नई राहें भी रोशन होती हैं। यह आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और उत्सव—तीनों का सुंदर संगम बन गया।